आनलाइन अभिमुखी कार्यक्रम

05 दिवसीय आनलाइन अभिमुखी कार्यक्रम 2021 में भा.प्रौ.सं. रोपड़ की सहभागिता

राजभाषा नीति के सफल कार्यान्वयन के उद्देश्य को केंद्र में रखते हुए केंद्रीय हिंदी प्रशिक्षण संस्थान, राजभाषा विभाग, गृह मंत्रालय, भारत सरकार ने राजभाषा अधिकारियों हेतु 05 पूर्णदिवसीय आनलाइन अभिमुखी कार्यक्रम का आयोजन किया। यह अभिमुखी कार्यक्रम 15 मार्च 2021 से 19 मार्च 2021 तक आयोजित किया गया। इस 05 दिवसीय कार्यक्रम में संस्थान के हिंदी अनुवादक डॉ. गिरीश प्रमोदराव कठाणे को नामित किया गया था।

इस 05 दिवसीय आनलाइन अभिमुखी कार्यक्रम में विभिन्न विषयों पर कुल 9 सत्रों का आयोजन किया गया। जिसमें राजभाषा हिंदी की अद्यतन जानकारी, राजभाषा संबंधी दायित्वों से परिचय, राजभाषा नीति का सफल कार्यान्वयन, कंप्यूटर की आधारभूत जानकारी, राजभाषा विभाग द्वारा विकसित ई-टूल्स की जानकारी, प्रशिक्षण रोस्टर का रखरखाव, कार्यस्थल पर महिलाओं के साथ यौन उत्पीड़न तथा सूचना का अधिकार आदि विषयों का प्रमुखता से समावेश रहा।

इस अभिमुखी कार्यक्रम में कुल 9 सत्रों हेतु 9 विशेषज्ञों द्वारा जानकारी दी गई। यह जानकारी राजभाषा अधिकारियों को उनके कार्यालयों में राजभाषा कार्यान्वयन को सुचारु रुप से लागू करने में सहायक सिद्ध होगी।